हरदोई: रेलवे स्टेशन और यार्ड में छुट्टा गोवंश का आतंक, रेल परिचालन में बन रहे बाधा

Hardoi News: स्टेशन अधीक्षक के आग्रह पर नगर पालिका टीम ने पकड़े चार गोवंश, नियमित अभियान की मांग

Pulkit Sharma
Published on: 28 Nov 2026 11:06 PM IST
हरदोई: रेलवे स्टेशन और यार्ड में छुट्टा गोवंश का आतंक, रेल परिचालन में बन रहे बाधा
X

Hardoi News: रेलवे स्टेशन परिसर और यार्ड में बड़ी संख्या में घूम रहे छुट्टा गोवंश रेलवे प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। स्टेशन परिसर से लेकर रेल पटरियों के आसपास तक गायों का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार ये गोवंश ट्रेनों की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं। इससे न केवल पशुओं की मौत हो रही है, बल्कि रेल परिचालन भी प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, स्टेशन परिसर और यार्ड में लगातार छुट्टा गायों की आवाजाही बनी रहती है। कई बार ये रेलवे ट्रैक तक पहुंच जाती हैं, जिससे ट्रेन संचालन में बाधा उत्पन्न होती है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से नगर पालिका को तीन बार पत्र भेजकर छुट्टा गोवंश को पकड़वाने का अनुरोध किया गया था। हालांकि, शुरुआती स्तर पर इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।

स्टेशन अधीक्षक ने पालिका अध्यक्ष से की बात

लगातार बढ़ती समस्या को देखते हुए स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीणा ने नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा से फोन पर बातचीत की। उन्होंने स्टेशन परिसर और यार्ड में घूम रहे गोवंश से रेल परिचालन पर पड़ रहे असर की जानकारी देते हुए जल्द कार्रवाई कराने का आग्रह किया।इसके बाद शनिवार सुबह नगर पालिका की टीम गोवंश पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची। टीम ने अभियान चलाकर परिसर में घूम रही चार गायों को पकड़कर वहां से हटाया। इस कार्रवाई के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत की उम्मीद जताई है।

लगातार अभियान चलाने की मांग

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि केवल एक दिन की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। स्टेशन परिसर और यार्ड को छुट्टा गोवंश से मुक्त रखने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाने की जरूरत है। अधिकारियों ने नगर पालिका से मांग की है कि लगातार गोवंश पकड़ने की कार्रवाई की जाए, ताकि पशुओं को रेल हादसों से बचाया जा सके और ट्रेनों का संचालन भी बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से जारी रह सके।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story