Hardoi News:सुरसा में देवी-देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

Hardoi News: हरदोई के सुरसा में हिंदू देवी-देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में सनातन समाज ने प्रदर्शन किया। भाजपा नेता धनंजय मिश्र के नेतृत्व में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई।

Pulkit Sharma
Published on: 14 Aug 2026 4:24 PM IST
Hardoi News:सुरसा में देवी-देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
X

Hardoi News

Hardoi News: हिंदू देवी-देवताओं को लेकर की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले मामलों के विरोध में शुक्रवार को सुरसा में जोरदार प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक सभागार परिसर में आयोजित विरोध सभा में क्षेत्र के बड़ी संख्या में सनातन समाज से जुड़े लोगों और धर्मप्रेमियों ने पहुंचकर अपना आक्रोश जताया।प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता धनंजय मिश्र ने किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक आस्था के सम्मान की मांग करते हुए नारेबाजी की। पूरा परिसर जय श्रीराम और आस्था के सम्मान से जुड़े नारों से गूंजता रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी भी धर्म या देवी-देवता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द के लिए ठीक नहीं है और ऐसे मामलों में प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए

सभा को संबोधित करते हुए धनंजय मिश्र ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने की घटनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ जल्द कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान श्याम जी मिश्रा, संजय सिंह, ज्ञानू द्विवेदी, मुकेश अवस्थी, सुमित सिंह, पुरुषोत्तम सिंह और विजेंद्र सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा। अधिकारियों ने प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story