Hardoi News: शहर की पॉश कॉलोनी में लाखों की चोरी, बंद मकान पर चोरों के किया हाथ साफ

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 20 लाख के जेवरात व सामान पर हाथ साफ किया।

Pulkit Sharma
Published on: 1 Jun 2026 2:40 PM IST (Updated on: 1 Jun 2026 2:41 PM IST)
Robbery of millions in posh colony of city
X

शहर की पॉश कॉलोनी में लाखों की चोरी, बंद मकान में चोरों ने किया हाथ साफ (Photo- Newstrack)

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक अपनी पत्नी को लेने के लिए अयोध्या गए हुए थे। घर में किसी के मौजूद न होने का फायदा उठाकर चोर आराम से घर के अंदर घुसे और कीमती जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए। वहीं इस घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

रेकी के बाद दिया घटना को अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवास विकास निवासी शिक्षक सर्वेश पाठक अपनी पत्नी को लेने के लिए अयोध्या गए हुए थे। उनके घर पर उस समय कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान चोरों ने घर की रेकी करने के बाद पीछे के रास्ते से प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते घर के भीतर पहुंचे और कमरों में रखी अलमारियों व अन्य स्थानों को खंगाल डाला। सोमवार सुबह जब सर्वेश पाठक अपने घर लौटे तो घर का नजारा देखकर स्तब्ध रह गए। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। घर में चोरी होने की आशंका पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

लगभग 20 लाख का सामान ले उड़े चोर

पीड़ित सर्वेश पाठक ने बताया कि, चोर घर में रखा सोने की अंगूठी, हार, झुमका, चेन समेत चांदी और अन्य कीमती सामान अपने साथ ले गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी पूरे नुकसान का सही आकलन नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 20 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी हुआ है। परिवार द्वारा अब घर में मौजूद वस्तुओं की सूची तैयार की जा रही है, जिसके बाद वास्तविक नुकसान का आंकड़ा सामने आ सकेगा।घटना के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

वीडियो में वह कॉलोनी के कई मकानों के आसपास घूमता और ताका-झांकी करता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि वारदात को अंजाम देने में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। सुनियोजित चोरी की इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story