TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई में जाम का झाम! गल्ला मंडी से लखनऊ चुंगी तक थमे पहिए, स्कूल बसों में फंसे बच्चे
Hardoi News: हरदोई में गल्ला मंडी से लखनऊ चुंगी तक भीषण जाम लगने से यातायात ठप हो गया। स्कूल बसों में फंसे बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: नवीन गल्ला मंडी में किसानों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की बढ़ती आवाजाही के चलते गुरुवार सुबह शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। सुबह से ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। मंडी से लेकर रेलवेगंज, सिनेमा चौराहा और लखनऊ चुंगी तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं, आवास विकास कॉलोनी में भी लोगों को जाम के कारण आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।नवीन गल्ला मंडी में किसानों के पहुंचने के साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की संख्या बढ़ने लगी। इसके चलते आसपास के मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
देखते ही देखते जाम का असर शहर के दूसरे हिस्सों तक पहुंच गया। रेलवेगंज में बैंक ऑफ इंडिया के सामने से लेकर सिनेमा चौराहे और लखनऊ चुंगी की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहन काफी देर तक फंसे रहे। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सामान्य से अधिक समय लगाना पड़ा।इसी बीच नघेटा रोड पर एक ट्रक पलट जाने से यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई। सड़क पर ट्रक पलटने के कारण इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। सुबह के समय यहां भी लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत
शहर में लगे जाम का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं पर देखने को मिला। सुबह स्कूल जाने के समय प्रमुख रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें होने से स्कूल बसें काफी देर तक जाम में फंसी रहीं। बसों को स्कूल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, निजी वाहनों से स्कूल जाने वाले कई छात्र-छात्राओं को भी परेशानी झेलनी पड़ी।कुछ बच्चों ने जाम से बचने के लिए गलियों का सहारा लिया और वैकल्पिक रास्तों से अपने स्कूल पहुंचे।
सुबह के समय शहर के कई मार्गों पर एक साथ यातायात प्रभावित होने से अभिभावकों को भी बच्चों के समय पर स्कूल पहुंचने की चिंता सताती रही।शहर में एक साथ कई प्रमुख मार्गों पर जाम लगने से आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। मंडी में वाहनों की आवाजाही और नघेटा रोड पर ट्रक पलटने की घटना ने यातायात की परेशानी को और बढ़ा दिया।


