यात्रियों के बीच छिपा था चोरी का खिलाड़ी, जीआरपी की एक कार्रवाई ने खोल दी पोल!

Hardoi News: हरदोई में जीआरपी ने ट्रेन यात्रियों का सामान चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। तलाशी में नकदी, पायल और आधार कार्ड बरामद हुए हैं।

Pulkit Sharma
Published on: 25 Nov 2026 4:47 PM IST
यात्रियों के बीच छिपा था चोरी का खिलाड़ी, जीआरपी की एक कार्रवाई ने खोल दी पोल!
X

Hardoi News: ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले एक आरोपी को जीआरपी हरदोई ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई नकदी, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल और आधार कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीतापुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के आजादनगर निवासी कौशल किशोर यादव (48) पुत्र स्वर्गीय केदारनाथ यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

रेलवे परिसरों में चोरी, लूट, जहरखुरानी और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक रेलवे लखनऊ के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे द्वितीय के पर्यवेक्षण और जीआरपी हरदोई के थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी।24 नवंबर की रात करीब 11:40 बजे रेलवे स्टेशन बालामऊ पर हरदोई छोर की तरफ बोर्ड के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने कौशल किशोर यादव को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं से संबंधित 4,000 रुपये नकद, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल और दो आधार कार्ड बरामद हुए। बरामद पायल का वजन करीब 150 ग्राम बताया गया है।

दो अलग-अलग ट्रेनों में हुई थी चोरी

पुलिस के मुताबिक, चोरी की पहली घटना 17 नवंबर को ट्रेन संख्या 04667 में हुई थी। बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली पल्लवी कुमारी हाजीपुर से सहारनपुर की यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान उनका बैग चोरी हो गया था। बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, एटीएम और क्रेडिट कार्ड के अलावा घड़ी व मेकअप का सामान रखा था।

दूसरी घटना 24 नवंबर को सीतापुर से बालामऊ के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन में हुई। सीतापुर निवासी रीता का लेडीज पर्स चोरी हो गया था। उसमें रखे छोटे लाल पर्स में चांदी की एक जोड़ी पायल, 1,500 रुपये नकद और आधार कार्ड था।

यात्रियों के सामान को बनाता था निशाना

जीआरपी के अनुसार, पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आरोपी की संलिप्तता दोनों चोरी की घटनाओं में सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के सामान, मोबाइल फोन और नकदी को निशाना बनाता था। उपनिरीक्षक अनिल यादव ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद सामान को संबंधित यात्रियों की चोरी की संपत्ति बताया है। कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story