TRENDING TAGS :
बस की एक टक्कर ने बुझा दिया घर का इकलौता चिराग, बेटे की मौत से परिवार में मातम
Hardoi News: हरदोई में पिता के साथ स्कूटी से जा रहे 21 वर्षीय युवक को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम, चालक मौके से फरार।
Hardoi News: शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की जान चली गई। पिता के साथ स्कूटी से जा रहे युवक को पीछे से आई रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर गिरे युवक के ऊपर से बस का पहिया निकल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी चला रहे उसके पिता भी घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
क्लीनिक जाते समय हुआ हादसा
हरदेवगंज निवासी संतोष कुमार गुप्ता बीएमएस डॉक्टर हैं। वह बालाजी मंदिर के सामने अपना क्लीनिक संचालित करते हैं। बुधवार सुबह वह अपने 21 वर्षीय बेटे शिखर गुप्ता के साथ स्कूटी से क्लीनिक जा रहे थे। जैसे ही दोनों मन्नापुरवा के पास लखनऊ रोड पर पहुंचे, पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से शिखर सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल शिखर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने पहुंचाया मेडिकल कॉलेज
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। संतोष कुमार के चेहरे पर भी चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता व मृतक युवक को मेडिकल कॉलेज ले गई। यहां शिखर के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद संतोष कुमार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
तीन बहनों का इकलौता भाई था शिखर
परिजनों के मुताबिक शिखर ने बीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी। वह तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही मां लक्ष्मी गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में शोक का माहौल है।सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। संबंधित चालक को फिलहाल रूट से हटा दिया गया है। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शहर कोतवाल संजय त्यागी के अनुसार, परिजनों की शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


