TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई में बड़ी चोरी: 40 में से 37 टोंटियां गायब, वाटर कूलर योजना पर सवाल
Hardoi News: हरदोई में नगर पालिका द्वारा लगाए गए वाटर कूलरों से एक ही रात में 37 टोंटियां चोरी हो गईं। घटना से व्यवस्था पर सवाल उठे, पुलिस जांच की मांग की जा रही है।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों को राहत देने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए वाटर कूलर अब चोरों के निशाने पर आ गए हैं। स्थिति यह है कि वाटर कूलर शुरू होने से पहले ही उनमें लगी अधिकांश टोंटियां चोरी हो गईं। एक ही रात में 40 में से 37 टोंटियां गायब होने से नगर पालिका की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
नगर पालिका ने शहर के प्रमुख स्थानों जैसे रेलवेगंज चौकी, लकड़ी मंडी, दुलीचंद चौराहा, गांधी भवन, डीएम चौराहा, सदर तहसील परिसर, मौनी बाबा स्थल, गांधी मैदान, बावन चुंगी और अधिवक्ता संघ परिसर में वाटर कूलर लगाए थे। प्रत्येक वाटर कूलर में चार-चार टोंटियां लगाई गई थीं, ताकि गर्मी में राहगीरों और आम नागरिकों को आसानी से ठंडा पानी मिल सके।
लेकिन इन वाटर कूलरों के लगते ही टोंटी चोर सक्रिय हो गए। रात के अंधेरे में चोरों ने ज्यादातर टोंटियां उखाड़ लीं। फिलहाल यह वाटर कूलर अभी नगर पालिका को पूरी तरह हस्तांतरित नहीं किए गए थे, इसलिए चोरी से हुए नुकसान का भार ठेकेदार को उठाना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह चोरी की घटनाएं जारी रहीं तो नगर पालिका की यह पहल केवल दिखावा बनकर रह जाएगी। लोगों ने चिंता जताई कि टोंटी न होने पर पानी लगातार बहता रहेगा, जिससे पानी की बर्बादी भी होगी और मशीनें भी जल्द खराब हो सकती हैं।
शुक्रवार सुबह मौके पर मौजूद सुरेश और अभिषेक नामक युवकों ने बताया कि इलाके में कुछ नशे के आदी लोग अक्सर ऐसी छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। उनका कहना है कि चोरी की गई टोंटियां कबाड़ी या अन्य दुकानों पर बेच दी जाती हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की कि चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए, तभी ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकेगी। बताया जा रहा है कि अब टोंटियों को विशेष प्रकार के मजबूत ग्लू से फिट किया गया है, ताकि उन्हें आसानी से निकाला न जा सके।


