Hathras News: हाथरस में रास्ते के विवाद में मारपीट और फायरिंग, युवक को लगी गोली; अलीगढ़ रेफर

Hathras News: हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र के गढ़िया इकबालपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हो गई। गोली लगने से एक युवक घायल हुआ, जबकि एक अन्य घायल को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया।

G Singh
Published on: 16 Aug 2026 8:23 PM IST
Hathras News: हाथरस में रास्ते के विवाद में मारपीट और फायरिंग, युवक को लगी गोली; अलीगढ़ रेफर
X

Hathras News

Hathras News: सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया इकबालपुर गांव में रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट के बाद फायरिंग की घटना सामने आई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जबकि मारपीट में घायल दूसरे व्यक्ति को भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। दोनों में से एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गढ़िया इकबालपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी क्रम में एक दिन पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। आरोप है कि इसी घटना में घायल एक पक्ष के युवक को देखने उसका मामा घर पहुंचा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के नामजद लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक के कंधे पर गोली मार दी गई। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस ने प्रमोद पुत्र भजन लाल निवासी नगवाईं, थाना मलावन, जिला एटा और हरकेश पुत्र हजारी लाल निवासी गढ़िया इकबालपुर, थाना सिकंदराराऊ को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया।घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

G Singh
ABOUT THE AUTHOR

G Singh

ghanshyam18905@gmail.com
Next Story