TRENDING TAGS :
Hathras News: विवाहिता की मौत फांसी से नहीं, सिर में चोट लगने से हुई, पोस्टमार्टम में खुलासा
Hathras News: हाथरस के सासनी क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Hathras News: कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव गोपालपुर (भोपतपुर) में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या करार देते हुए पुलिस को बताया कि महिला ने फांसी लगाई है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम और सीटी स्कैन कराया, जिसमें मौत का कारण फांसी नहीं बल्कि सिर में आई गंभीर चोटें पाई गई हैं।
क्या है पूरा मामला?
कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव गोपालपुर निवासी देवेंद्र, जो चाट-पकौड़ी बेचकर परिवार चलाता है, उसकी 25 वर्षीय पत्नी पूनम की गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पर गांव में भीड़ जमा हो गई और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को पूनम का शव जमीन पर पड़ा मिला। परिजनों ने दावा किया कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
पोस्टमार्टम और सीटी स्कैन में बड़ा खुलासा
सूचना पाकर जब मायके पक्ष के लोग पहुंचे, तो उन्हें पूनम के गले पर फांसी का कोई निशान नजर नहीं आया। संदेह होने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टरों ने सटीक कारण जानने के लिए पहले शव के सिर का सीटी स्कैन (CT Scan) कराया और फिर पोस्टमार्टम किया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण 'शॉक एंड हैमरेज' (Shock and Hemorrhage) दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, मृतका के सिर में तीन से चार स्थानों पर चोट के निशान मिले हैं, जो उसकी मौत का मुख्य कारण बने। यह जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर तीखी कहासुनी हुई।फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को अब मायके पक्ष की औपचारिक तहरीर (शिकायत) का इंतजार है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।


