Hathras News: वीडियो कॉल से विद्यालयों की निगरानी के विरोध में शिक्षक, विधायक को सौंपा ज्ञापन

Hathras News: हाथरस में परिषदीय विद्यालयों की वीडियो कॉल से आकस्मिक निगरानी के आदेश के विरोध में शिक्षकों ने सादाबाद विधायक को ज्ञापन सौंपा। शिक्षक संघ ने बीएसए के आदेश को वापस लेने की मांग की।

G Singh
Published on: 11 Aug 2026 5:26 PM IST
Hathras News: वीडियो कॉल से विद्यालयों की निगरानी के विरोध में शिक्षक, विधायक को सौंपा ज्ञापन
X

Hathras News

Hathras News: परिषदीय विद्यालयों में ‘डिजिटल लाइव स्कूल मॉनिटरिंग सिस्टम’ के माध्यम से किसी भी समय वीडियो कॉल के जरिए आकस्मिक निगरानी किए जाने के आदेश के विरोध में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, जनपद हाथरस ने सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार सिंह गुड्डू को ज्ञापन सौंपा।संगठन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, हाथरस द्वारा 7 अगस्त 2026 को जारी आदेश को वापस लेने की मांग की। शिक्षक संघ का कहना है कि वीडियो कॉल के माध्यम से अनिवार्य निगरानी के संबंध में शासन स्तर से कोई स्पष्ट शासनादेश उपलब्ध नहीं है। ऐसे में केवल कार्यालयीय आदेश के आधार पर इस व्यवस्था को लागू करना उचित नहीं है।

अचानक वीडियो कॉल से मानसिक दबाव का आरोप

जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र चौधरी ने कहा कि किसी भी समय अचानक वीडियो कॉल आने, नेटवर्क या तकनीकी समस्या होने तथा शिक्षक के शिक्षण कार्य में व्यस्त रहने जैसी परिस्थितियों में कॉल न उठा पाने पर कार्रवाई का दबाव शिक्षकों के लिए अनावश्यक मानसिक तनाव पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि लगातार वीडियो निगरानी से विद्यालयों के वास्तविक शिक्षण कार्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।ज्ञापन के माध्यम से विधायक से मांग की गई कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश को निरस्त कराया जाए। विधायक प्रदीप कुमार सिंह गुड्डू ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि नियम विरुद्ध आदेश को वापस कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

सैकड़ों शिक्षक रहे मौजूद

ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र चौधरी, प्रांतीय संयुक्त मंत्री संजीव कुमार सेंगर, जिला महामंत्री भूपेंद्र कुमार सेंगर, मंडल मंत्री रणधीर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष अनिल कुंतल, ब्लॉक मंत्री सासनी सौरभ सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सादाबाद हरिओम सिंह, मंत्री संजीव चौधरी, मीडिया प्रभारी ललित कुमार, सचिन उपाध्याय, अशोक कुमार चौधरी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।

G Singh
ABOUT THE AUTHOR

G Singh

ghanshyam18905@gmail.com
Next Story