TRENDING TAGS :
Hathras News: पुरानी पेंशन बहाली के लिए तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे शिक्षक
Hathras News: हाथरस में अटेवा पेंशन बचाओ मंच के नेतृत्व में शिक्षकों और कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर तिरंगा यात्रा निकाली।
Hathras News
Hathras News: शुक्रवार को अटेवा पेंशन बचाओ मंच, हाथरस के नेतृत्व में पुरानी पेंशन बहाली, एनपीएस और यूपीएस के विरोध तथा सेवारत शिक्षकों के लिए जबरन लागू किए गए टीईटी के विरोध में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा हतीसा पुल से शुरू होकर कलेक्ट्रेट परिसर, हाथरस पहुंची। यहां कर्मचारियों और शिक्षकों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम्, हमारी मांग पुरानी पेंशन और जय अटेवा जैसे गगनभेदी नारे लगाए।तिरंगा यात्रा के बाद जिलाधिकारी, हाथरस के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों और शिक्षकों ने एक हाथ में एनपीएस-यूपीएस विरोधी तथा ‘नो टीईटी बिफोर आरटीई’ लिखी तख्तियां और दूसरे हाथ में तिरंगा लेकर देश के प्रति सम्मान प्रकट किया।
वक्ताओं ने पुरानी पेंशन को बताया कर्मचारियों का अधिकार
अटेवा जिला अध्यक्ष प्रेमचंद चंदेल ने कहा कि जब हमारे जनप्रतिनिधियों को पुरानी पेंशन मिल रही है तो कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन देने में क्या परेशानी है?जिला महामंत्री रविकांत वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों की एकमात्र मांग पुरानी पेंशन है। पुरानी पेंशन में ही उन्हें अपना भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल दिखाई देता है। जब सरकार एनपीएस से यूपीएस कर सकती है तो ओपीएस भी बहाल कर सकती है। पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है और उन्हें उनका अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सांसद और विधायक जितनी बार चुने जाते हैं, उन्हें उतनी बार पेंशन मिलती है, जबकि कर्मचारियों को सिर्फ एक बार पुरानी पेंशन चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की बात हो रही है तो सरकार ‘वन नेशन, वन पेंशन’ की बात क्यों नहीं करती?जिला महिला संयोजिका अनीत भारती ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का हक है और वे इसे लेकर रहेंगे। इस दौरान कर्मचारियों ने एनपीएस और यूपीएस के प्रति आक्रोश भी व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन अटेवा जिला महामंत्री रविकांत वर्मा ने किया। अटेवा जिला मीडिया प्रभारी अजीत कुमार सिंह ने कहा कि सांसद, विधायक और मंत्री जिस पेंशन का लाभ ले रहे हैं, कर्मचारियों को भी वही पेंशन चाहिए।
राजकीय शिक्षक संघ की कुमुद शर्मा ने कहा कि महिलाएं पेंशन के हक के लिए हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। पंचायती राज विभाग से बारिश अंसारी ने कहा कि कर्मचारियों को सिर्फ पुरानी पेंशन चाहिए और यूपीएस एक छलावा है।सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी माधुरी गौतम ने पेंशन गीत प्रस्तुत किया। स्वास्थ्य विभाग के बरतेंद भारद्वाज ने कहा कि अबकी बार आर-पार की लड़ाई होगी। कर्मचारी अब चुप नहीं रहेगा, बल्कि अपनी आवाज बुलंद करते हुए अपने हक के लिए संघर्ष करेगा।टीएससीटी के जिला संयोजक डॉ. गोपाल ने कहा कि एक दिन शपथ ग्रहण करने वाले सांसद और विधायक पेंशन के पात्र हो जाते हैं, जबकि 60 वर्ष तक सेवा करने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से वंचित रखा गया है।
जिला संरक्षक रौदास ने सभी कर्मचारियों से इसी प्रकार एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। डिग्री कॉलेज से डीके दीक्षित ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का जन्मसिद्ध अधिकार है और वे इसे लेकर रहेंगे।अटेवा जिला अध्यक्ष प्रेमचंद चंदेल और एसबीटीसी संघ के महामंत्री संजय सेंगर ने कहा कि जो शिक्षक आरटीई एक्ट लागू होने से पहले सेवा में आए हैं, उनके लिए टीईटी अनिवार्य नहीं होना चाहिए।
विभिन्न संगठनों ने किया तिरंगा यात्रा का समर्थन
तिरंगा यात्रा को विभिन्न कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों का समर्थन मिला। इनमें अध्यक्ष बॉबी चौहान, साधना गुप्ता, साधना यादव, सहपऊ के भूपेंद्र यादव, कृति गौतम, निवेदिता, पूनम कुमारी, लक्ष्मीकांत शर्मा, जूनियर हाईस्कूल संघ के अध्यक्ष रमेश चौधरी, पीडब्ल्यूडी के श्याम सागर, असफाक खान, सुराजपाल, ललित किशोर, मुन्नालाल, प्रदीप पहलवान, मनोज चौहान, विमलेश देवी, पुष्पेंद्र चैतरीवाल, विवेक सिंह और अखिलेश शर्मा आदि शामिल रहे।एसबीटीसी से धर्मेंद्र सारस्वत, हरिओम सिंह और संजय सिंह; टीएससीटी से डॉ. गोपाल, विपिन कुमार, ब्रजेश भारती, राहुल सागर, प्रदीप कुमार और जय प्रकाश; जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ से रमेश चौधरी, पुनीत अग्निहोत्री, प्रमोद कुमार, मो. ईदरीश, राकेश, सुमन, मुकेश कुमार; एससी-एसटी संघ से सोहन सिंह; पशु चिकित्सक संघ से डॉ. सतीश कुमार, ज्ञानेंद्र और राम कुमार ने भी समर्थन दिया।
इसके अलावा स्वायत्त शासन कर्मचारी संघ से राजन सिंह और राजू सिंह, यूपी ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारी संघ से बॉबी चौहान, राज्य कर्मचारी चतुर्थ श्रेणी संघ, उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष बलबीर सिंह, राजकीय हाईस्कूल शिक्षक संघ से मानवेंद्र सिंह, यूपी फार्मासिस्ट एसोसिएशन, कृषि विभाग से देवेंद्र सिंह, दीवानी न्यायालय संघ, सिंचाई विभाग से महेश शर्मा, लोक निर्माण विभाग से मुनेश कुमार, श्याम सागर और कृष्ण, नर्सिंग संगठन से विनेश कुमारी तथा राजस्व संग्रह अमीन संघ से चंद्रभान दीक्षित सहित अन्य संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


