TRENDING TAGS :
Hathras News: कृषि विज्ञान केन्द्र में औषधीय एवं सुगन्धित फसलों की खेती पर कृषक प्रशिक्षण संपन्न
Hathras News: कृषि विज्ञान केन्द्र, हाथरस में औषधीय एवं सुगन्धित फसलों की उन्नत खेती पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण संपन्न। वैज्ञानिकों ने किसानों को आय बढ़ाने के गुर सिखाए।
Hathras News: कृषि विज्ञान केन्द्र, हाथरस में आज "औषधीय एवं सुगन्धित फसलों की उत्पादन तकनीक" विषय पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए 28 कृषकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. हरविन्द्र पाल, वैज्ञानिक (उद्यान विज्ञान) ने औषधीय एवं सुगन्धित फसलों की वर्तमान कृषि परिदृश्य में बढ़ती उपयोगिता, आर्थिक महत्व तथा रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को अश्वगंधा, सर्पगंधा, कालमेघ, तुलसी, लेमनग्रास, सिट्रोनेला, पामारोसा तथा मेंथा जैसी फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीज एवं रोपण सामग्री के चयन, पोषक तत्व प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा कटाई उपरांत प्रबंधन के बारे में वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि औषधीय एवं सुगन्धित फसलें कम लागत में अधिक लाभ प्रदान कर सकती हैं तथा कृषि विविधीकरण के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. शैलजा, वैज्ञानिक (गृह विज्ञान) ने औषधीय पौधों के घरेलू उपयोग, मूल्य संवर्धन एवं महिला सशक्तिकरण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. आकांक्षा सिंह , वैज्ञानिक (कृषि प्रसार) ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, तकनीकी प्रसार गतिविधियों तथा कृषक उत्पादक संगठनों के माध्यम से विपणन अवसरों की जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान वैज्ञानिकों द्वारा किया गया तथा औषधीय एवं सुगन्धित फसलों की वैज्ञानिक खेती अपनाकर आय वृद्धि के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागी किसानों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन किसानों को तकनीकी साहित्य वितरित करने तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।


