TRENDING TAGS :
Hathras News: तीन वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद
Hathras News: हाथरस में कोतवाली सदर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को पकड़ा गया, कब्जे से तीन बाइक और एक हथियार बरामद हुआ।
तीन वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद (Photo- Newstrack)
Hathras News: हाथरस में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान तीन कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में खड़े थे।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली नगर पुलिस रात में चेकिंग और गश्त कर रही थी।
शिव मंदिर के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक रात में गश्त और चेकिंग के दौरान किला पर अखाड़े वाले रास्ते पर शिव मंदिर के पास तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिल, एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदर पुत्र पप्पू निवासी कोटा कपूरा थाना मुरसान, अब्दुल पुत्र शौकत खां निवासी नौहरे चमनपुरा थाना मुरसान और विशाल उर्फ हीरो पुत्र मुकेश निवासी भूतपुरा थाना चंदपा, हाथरस के रूप में हुई है।
अलग-अलग शहरों से बाइक चोरी करने की बात कही
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग शहरों से मोटरसाइकिल चोरी करते हैं। इसके बाद मौका देखकर चोरी की मोटरसाइकिलों को बेच देते हैं।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल बेचने से मिलने वाली रकम को वे आपस में बराबर-बराबर बांट लेते हैं। इसके बाद मिले पैसों को अपने शौक और मौज-मस्ती में खर्च करते हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के समय भी तीनों चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के इरादे से खड़े थे।
मुरसान गेट से एक सप्ताह पहले चोरी की थी बुलेट
पुलिस ने बरामद बुलेट मोटरसाइकिल के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह बुलेट करीब एक सप्ताह पहले रात के समय मुरसान गेट के पास से चोरी की थी।
पुलिस के अनुसार इस मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 353/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में पहले से अभियोग पंजीकृत है।
मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई
पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में आगे की विधिपूर्ण कार्रवाई की जा रही है।


