Hathras में शिक्षकों का प्रदर्शन, पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई

Hathras News: बागला महाविद्यालय के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, पुरानी पेंशन बहाल करने और सेवानिवृत्ति की आयु सीमा 65 वर्ष करने की मांग की।

G Singh
Published on: 2 Nov 2026 6:03 PM IST
Teachers demonstrating in Hathras, demanding restoration of old pensions
X

Hathras में शिक्षकों का प्रदर्शन, पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई (Photo- Newstrack)

Hathras News: हाथरस। सेठ फूलचंद बागला महाविद्यालय के शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन बहाली और शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा बढ़ाकर 65 वर्ष किए जाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्रोफेसरों ने काली पट्टी बांधकर अपनी नाराजगी जाहिर की और शिक्षकों के हितों से जुड़ी मांगों को उठाया। यह प्रदर्शन राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ शिक्षक संघ के आह्वान के अनुपालन में किया गया।

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर उठाई आवाज

शिक्षक संघ के सचिव प्रोफेसर राजेश कुमार हिंदी और अध्यक्ष डॉ. सितारी राम के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि पेंशन किसी भी कर्मचारी के भविष्य और परिवार के आर्थिक सहारे के लिए बेहद जरूरी है। जब नेताओं को पेंशन की सुविधा दी जा रही है, तो शिक्षकों को उनके पारिवारिक भरण-पोषण के लिए पेंशन से वंचित क्यों रखा जा रहा है।

शिक्षक संघ के दोनों पदाधिकारियों डॉ. सितारी राम और प्रोफेसर राजेश कुमार हिंदी ने संयुक्त रूप से कहा कि शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से राष्ट्र निर्माण के लिए काम करते हैं। शिक्षा के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बावजूद शिक्षकों को पेंशन की सुविधा से वंचित रखना उचित नहीं है।

65 वर्ष तक सेवानिवृत्ति सीमा करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने सेवानिवृत्ति की आयु सीमा बढ़ाकर 65 वर्ष किए जाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि शिक्षकों के हितों और उनके भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। काली पट्टी बांधकर शिक्षकों ने एकजुटता के साथ अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।

इस मौके पर प्रोफेसर प्रीति वर्मा, प्रोफेसर साहब सिंह, डॉ. दानिश मोहम्मद, डॉ. शालिनी अग्रवाल, डॉ. शाह अब्दुल मलिक, डॉ. डीके दीक्षित, डॉ. दीपा ग्रोवर, डॉ. अनीता शर्मा, डॉ. विमलेश, डॉ. हरिओम, डॉ. रूपेंद्र राजपूत, डॉ. शुभांकर पाण्डेय, डॉ. प्रेमकिशोर, डॉ. संजय सिंह, डॉ. ऋषिकांत और डॉ. पप्पू चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संगठन मंत्री सर्वेश शर्मा भी प्रदर्शन में उपस्थित रहे। शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता प्रदर्शित की।

G Singh
ABOUT THE AUTHOR

G Singh

ghanshyam18905@gmail.com
Next Story