TRENDING TAGS :
IPS अंशिका वर्मा पर चढ़ा ‘कृष्ण’ रंग...राजस्थानी घराने की बनने जा रहीं बहू, शादी का कार्ड वायरल
IPS Anshika Verma Marriage: बरेली में तैनात एसपी साउथ अंशिका वर्मा का विवाह संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) के साथ तय हुआ है।
IPS Anshika Verma Marriage
IPS Anshika Verma Marriage: राजस्थान और उत्तर प्रदेश के दो चर्चित आईपीएस अधिकारियों का रिश्ता जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहा है। राजस्थान के बाड़मेर से जुड़े विश्नोई परिवार का संबंध अब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से जुड़ने वाला है। दरअसल, बरेली में तैनात एसपी साउथ अंशिका वर्मा का विवाह संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) के साथ तय हुआ है। दोनों परिवारों की आपसी मुलाकात और सहमति के बाद इस रिश्ते को अंतिम रूप दिया गया, जिसके बाद अब शादी की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक विवाह समारोह के लिए बाकायदा निमंत्रण कार्ड छप चुके हैं और तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा भी तय कर ली गई है। यह शादी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक तथा राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा का विषय बनी हुई है।
संभल में मस्जिद से जुड़े एक चर्चित प्रकरण के बाद चर्चा में आए आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में गिना जाता है। वह वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से बाड़मेर, राजस्थान के एक प्रतिष्ठित विश्नोई परिवार से ताल्लुक रखते हैं। अपने सख्त प्रशासनिक रवैये और कार्यशैली के कारण वह पुलिस महकमे में एक अलग पहचान बना चुके हैं।
वहीं उनकी होने वाली जीवनसंगिनी आईपीएस अंशिका वर्मा 2021 बैच की अधिकारी हैं और मूल रूप से प्रयागराज की निवासी हैं। वर्तमान में वह बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वह गोरखपुर में एएसपी के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं। अंशिका वर्मा महिला सुरक्षा, तकनीक आधारित पुलिसिंग और साइबर अपराध जैसे मामलों में सक्रिय और प्रभावी कार्रवाई के लिए जानी जाती हैं।
दोनों आईपीएस अधिकारियों के विवाह समारोह की शुरुआत 28 मार्च से होगी। इससे पहले परिवार की ओर से महिला संगीत का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। 28 मार्च को बारात बाड़मेर स्थित कृष्ण निवास से निकलेगी और वहीं विवाह की रस्में पूरी की जाएंगी। इसके बाद 29 मार्च की सुबह विदाई का कार्यक्रम रखा गया है। शादी के बाद 30 मार्च को जोधपुर के एक रिसॉर्ट में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रशासनिक सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारी और राजनीतिक हस्तियां शामिल हो सकती हैं। बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य सहित कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के इस समारोह में शामिल होने की संभावना है।
कौन हैं आईपीएस अंशिका वर्मा?
अंशिका वर्मा के करियर की बात करें तो उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी के जरिए सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल की। अपने मेहनती और समर्पित स्वभाव के कारण उन्होंने कम समय में ही पुलिस विभाग में अच्छी पहचान बना ली है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें मार्च 2025 में दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पांचवें वार्षिक महिला शिखर सम्मेलन में “वुमेन आइकन अवॉर्ड” से सम्मानित भी किया गया था।


