TRENDING TAGS :
इकरा हसन का इमरान मसूद पर पलटवार, बोलीं- 'हमने उस लहजे में जवाब नहीं दिया', गठबंधन में बढ़ी तकरार
यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर तकरार बढ़ गई है। इमरान मसूद के बयान पर इकरा हसन ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को सम्मान और गठबंधन की नसीहत दी।
UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की गांठें खुलने के बजाय और उलझती नजर आ रही हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच जारी बातचीत के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के तीखे तेवरों पर अब सपा सांसद इकरा हसन ने पलटवार किया है। इकरा ने कांग्रेस की बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए साफ कहा कि सपा ने आज तक कांग्रेस को उसी की भाषा में जवाब नहीं दिया है। उन्होंने इमरान मसूद को नसीहत देते हुए कहा कि गठबंधन सम्मान और सहयोग से चलता है, केवल डायलॉगबाजी से नहीं।
दरअसल, विवाद की ताजा वजह समाजवादी पार्टी की ओर से यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करना है। कांग्रेस इस सूची में शामिल कुछ सीटों पर अपनी दावेदारी जता रही थी। ऐसे में सपा के उम्मीदवार घोषित करते ही कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की और गठबंधन की गंभीरता पर ही सवाल खड़े कर दिए।
इकरा हसन बोलीं- 'न किसी को भीख दी, न किसी ने मांगी'
सपा सांसद इकरा हसन ने आजतक से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पूरी तरह गंभीर है। सपा चाहती है कि दोनों दल मिलकर मजबूती से चुनाव लड़ें और बीजेपी को सत्ता से बाहर करने की रणनीति पर काम करें। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस की ओर से लगातार हो रही बयानबाजी पर नाराजगी भी जाहिर की।
इकरा हसन ने कहा, "कांग्रेस की तरफ से शुरू से बयानबाजी की जा रही है। हमने आज तक कभी भी उन्हीं के शब्दों में जवाब नहीं दिया। राजनीति में सम्मान बहुत मायने रखता है। अगर हम किसी का सम्मान करेंगे, तभी वह हमारा सम्मान करेगा। हमने कांग्रेस के प्रति सम्मान की रेखा कभी पार नहीं की और आगे भी ऐसा नहीं करेंगे।"
इमरान मसूद के 'भीख' वाले बयान पर पलटवार करते हुए इकरा ने कहा कि न किसी को भीख दी गई है और न ही किसी ने भीख मांगी है। चुनाव जमीनी हकीकत और जीतने की क्षमता के आधार पर लड़े जाते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की, जिससे गठबंधन की संभावनाओं को नुकसान पहुंचे।
इकरा ने कांग्रेस आलाकमान को भी नसीहत दी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक नेता की नाराजगी की वजह से पूरे गठबंधन को खतरे में डालना उचित है? उनके मुताबिक, इमरान मसूद पहले भी कई बार नाराजगी जाहिर करते रहे हैं। अगर उन्हें कोई गलतफहमी है तो इस पर वह कुछ नहीं कर सकतीं।
सपा सांसद ने यह भी सवाल उठाया कि अगर कांग्रेस समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायकों की सीटों पर दावा करती है तो क्या यह उचित होगा? उन्होंने स्पष्ट किया कि अखिलेश यादव किसी नेता को संदेश देने या सबक सिखाने के लिए राजनीति कर रहे हैं, ऐसी धारणा गलत है।
इमरान मसूद का पलटवार- 'बीजेपी से लड़ना है या हमसे?'
इधर, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा की पांच उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद खुलकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है और दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी उन सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित कर रही है, जिन पर कांग्रेस अपनी दावेदारी जता रही थी।
इमरान मसूद ने कहा, "आप तय कीजिए कि आपको हमसे लड़ना है या बीजेपी से लड़ना है। यह बीजेपी को फायदा पहुंचाने वाला कदम है। जैसे ही आपकी सूची जारी हुई, बीजेपी के लोगों ने ट्वीट करना शुरू कर दिया।"
उन्होंने गठबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर साथ चुनाव लड़ना है तो बातचीत सम्मानजनक तरीके से होनी चाहिए। कांग्रेस कोई भीख नहीं मांग रही है और पार्टी भिखारी नहीं है। गठबंधन में सहयोगी का सम्मान होना चाहिए।
मसूद ने यहां तक कहा कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई की गारंटी सिर्फ राहुल गांधी हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने जिन 26 सीटों को अपने लिए प्राथमिकता में रखा था, उनमें से भी पार्टी ने सभी सीटों की मांग नहीं की थी।
26 सीटों के ऑफर पर फंसा गठबंधन, कांग्रेस की मांग 131 सीटें
सपा और कांग्रेस के बीच विवाद की असली वजह सीटों का गणित है। 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुरुआत में 181 सीटों की सूची सौंपी थी। बाद में उसकी मांग 131 सीटों तक पहुंचने की खबर सामने आई। इसके जवाब में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को फिलहाल 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है।
सपा के महासचिव रामगोपाल यादव के मुताबिक, इस प्रस्ताव में कांग्रेस की 2022 में जीती गई दो सीटें, चार ऐसी सीटें जहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी और 20 अन्य सीटें शामिल हैं। सपा का तर्क है कि सीटों का बंटवारा केवल राजनीतिक दावेदारी के आधार पर नहीं, बल्कि जीतने की संभावना देखकर होना चाहिए।
इस बीच सपा ने अपनी पहली सूची में पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इनमें सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर देहात सीटें भी शामिल हैं। इन सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी को लेकर विवाद और गहरा गया है।
अखिलेश यादव ने दिया नया फॉर्मूला, बोले- सीट बंटवारा नहीं, सीट समायोजन
विवाद के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी अपनी रणनीति स्पष्ट की है। 24 नवंबर को बातचीत के दूसरे दौर के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जीतने वाली पहली 26 सीटों से शुरुआत हुई है और दोनों दलों के बीच समझदारी से बातचीत आगे बढ़ेगी।
25 नवंबर को अखिलेश ने एक और संदेश देते हुए कांग्रेस से उन अतिरिक्त सीटों की सूची मांगी, जहां पार्टी को जीत की संभावना नजर आती है। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर आकलन करेंगे कि किस सीट पर कौन-सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है।
अखिलेश का जोर इस बात पर है कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार नहीं थोपे जाने चाहिए, बल्कि आपसी सहमति से प्रत्याशियों का चयन होना चाहिए। उन्होंने सीटों की संख्या से ज्यादा जीत के गणित को महत्वपूर्ण बताया।
फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत का रास्ता बंद नहीं हुआ है, लेकिन नेताओं की बयानबाजी ने गठबंधन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बड़ा सवाल यही है कि बीजेपी को चुनौती देने के लिए बना INDIA गठबंधन यूपी में सीटों के इस टकराव से कैसे बाहर निकलता है।


