TRENDING TAGS :
Jalaun News: जालौन में सड़क हादसों पर सख्त एक्शन, डीएम ने दिए निर्देश
Jalaun News: जालौन में सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम ने टोल प्लाजा पर 24 घंटे जागरूकता अभियान चलाने और रॉन्ग साइड व ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
जालौन में सड़क हादसों पर सख्त एक्शन, डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने दिए निर्देश (Photo- Newstrack)
Jalaun News: जालौन,उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चालक को नींद आ जाना दुर्घटनाओं का मुख्य कारण
डीएम ने हाल ही में जोल्हूपुर के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि चालक को नींद आने के कारण हुआ हादसा अत्यंत गंभीर था। दुर्घटना के ऑडिट के लिए एसडीएम, सीओ, एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी सीडी-3 के अधिशासी अभियंता तथा एनएचएआई अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी टोल प्लाजा पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से 24 घंटे सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएं। साथ ही थके हुए वाहन चालकों को रेस्ट एरिया में विश्राम करने के लिए प्रेरित किया जाए। परिवहन विभाग को वाहन चालकों एवं परिचालकों की नियमित स्वास्थ्य जांच और दक्षता परीक्षण हेतु विशेष शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए
डीएम ने हाईवे किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों, रॉन्ग साइड चलने वालों, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई और स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, एआरटीओ राजेश कुमार, डीआईओएस राजकुमार पंडित, बीएसए चंद्रप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


