TRENDING TAGS :
Jalaun News: नवंबर में बेटी की शादी से पहले हादसे में पिता की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा साया
Jalaun News: जालौन में हादसे में पिता की मौत से परिवार में कोहराम, नवंबर में होनी थी बड़ी बेटी की शादी, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम कदमपुरा के पास शनिवार देर रात स्कूली बस और इलेक्ट्रिक स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में 38 वर्षीय आशीष उर्फ राजा की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी बड़ी बेटी की शादी आगामी नवंबर में होनी तय थी, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के भिंड जिले के बगियापुरा निवासी आशीष उर्फ राजा पुत्र सुखवासी अपनी बहन के निधन के बाद आयोजित शांति पाठ में शामिल होने ग्राम कूसेपुरा निवासी अपने भांजे पवन कुमार के यहां आया था। शनिवार रात वह इलेक्ट्रिक स्कूटी से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम कदमपुरा के पास स्वर्गीय राजा चित्तर सिंह बालिका इंटर कॉलेज, रामपुरा की बस संख्या यूपी 92 टी 9444 से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल आशीष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और वहां चीख-पुकार मच गई। आशीष के परिवार में पत्नी सुमन देवी, तीन बेटियां रुचि (19), पलक (15), नव्या (13) और दस वर्षीय बेटा हिमांशु हैं। उसका छोटा भाई गुड्डू भी करीब दो वर्ष पहले चल बसा था। ऐसे में आशीष ही परिवार का एकमात्र सहारा था। बड़ी बेटी रुचि की नवंबर में शादी होनी थी। पिता की मौत से बेटी के विवाह की तैयारियों और परिवार के भविष्य को लेकर संजोए सपने बिखर गए। पति को खोने के गम में सुमन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बुजुर्ग पिता सुखवासी अपने बुढ़ापे के सहारे को खोकर गहरे सदमे में हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया


