Jalaun Accident: श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर खंती में पलटी, एक दर्जन यात्री घायल

Jalaun Accident: सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे सभी घायल श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया

Afsar Haq
Published on: 5 Aug 2024 9:06 AM IST
Jalaun Road Accident
X

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती (Pic: Newstrack)

Jalaun Accident: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में आज यानी सोमवार सुबह हादसा हो गया, जिसमें श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खंती में जाकर पलट गई। हादसे में एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। वहीं, घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से बचाव कर शुरू कराया गया घायलों को एंबुलेंस के मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उपचार के बाद उन्हें दूसरे वाहन से रवाना कर दिया गया है। बस में 45 श्रद्धालु सवार थे।

अन्ना मवेशियों को बचाने में हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक जालौन की उरई कोतवाली क्षेत्र में कानपुर झांसी हाईवे पर बड़ा गांव के नजदीक उज्जैन से श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या जा रही बस के सामने अचानक अन्ना मवेशी आ गए। रफ्तार तेज होने की वजह से अन्ना मवेशियों को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गई। जिससे बस हाईवे किनारे खंती में पलट गई। इस हादसे में एक दर्जन महिलाएं एवं पुरुष घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे सभी घायल श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर उनका उपचार किया गया।

घायल श्रद्धालु ने बताया कि वह तीर्थ यात्रा पर निकले थे। उन्होंने बनारस, प्रयागराज और चित्रकूट में दर्शन करने के बाद वह अयोध्या बुंदेलखंड के रास्ते से उतरकर कानपुर झांसी हाईवे रोड से जा रहे थे। तभी हादसा हो गया। वहीं उपचार के बाद सभी श्रद्धालुओं को दूसरे वाहन से रवाना कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालु की बस अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई थी। हादसे की जैसे ही सूचना मिली तो मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सभी श्रद्धालु खतरे से बाहर हैं और मामूली चोटे आई हैं। उन्हें दूसरे वाहन से घर के लिए रवाना कर दिया गया है।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story