Jalaun News: जालौन में विकास कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, कई अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोका

Jalaun News: जालौन में समीक्षा बैठक के दौरान धीमी प्रगति पर डीएम ने कई अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोका और योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Afsar Haq
Published on: 14 May 2026 6:36 PM IST
Jalaun News
X

Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: जिलाधिकारी ने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक में लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कई विभागों के अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोक दिया। गुरुवार को उरई स्थित विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, लंबित मामलों और योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

योजनाओं में धीमी प्रगति पर नाराजगी

बैठक में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत विद्यालयों में निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी निर्माण में 70 हजार लक्ष्य के सापेक्ष केवल 52 हजार आईडी बनने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। इस पर समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, दिव्यांगजन अधिकारी, श्रम परिवर्तन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप कृषि निदेशक और डीसी मनरेगा सहित संबंधित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोक दिया गया।

शौचालय निर्माण और योजनाओं पर सख्ती

व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में धीमी प्रगति पर जिला पंचायत राज अधिकारी का भी एक दिन का वेतन रोका गया। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में लाभार्थियों को कनेक्शन उपलब्ध कराने में लापरवाही पर भी अधिकारियों को अभियान मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य में सुधार न होने पर आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story