Jalaun News: हाई लाइन लॉस फीडरों में 15 दिन में सुधार के निर्देश, कनेक्शनों पर चलेगा सघन अभियान

Jalaun News: जालौन में हाई लाइन लॉस वाले फीडरों में 15 दिन के भीतर सुधार के निर्देश दिए गए हैं। कटिया कनेक्शनों पर सघन अभियान चलेगा।

Afsar Haq
Published on: 11 Aug 2026 6:57 PM IST
Jalaun News
X

Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: जिले में विद्युत लाइन लॉस को कम करने के लिए अब हाई लाइन लॉस वाले फीडरों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही अनमीटर्ड कनेक्शनों की शत-प्रतिशत मीटरिंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिनों में हाई लाइन लॉस वाले फीडरों में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सरावन, करमेर रोड (गल्ला मंडी पोषक) और जालौन के हाई लाइन लॉस फीडरों की विशेष समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। कटिया कनेक्शनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाकर अनियमित विद्युत उपभोग मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने हाउसहोल्ड के आधार पर विशेष विद्युत शिविर लगाकर पात्र उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा खराब अथवा त्रुटिपूर्ण बिलों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही अनमीटर्ड कनेक्शनों और खराब मीटरों को शत-प्रतिशत मीटरयुक्त करने को कहा। खराब मीटर तत्काल बदलने के साथ ही विद्युत परिवर्तकों की जांच कर आवश्यकता के अनुसार उन्हें शीघ्र बदलने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर अभियान की निगरानी करने और कार्ययोजना के प्रत्येक बिंदु का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि चोरी पर रोक, शत-प्रतिशत मीटरिंग और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण से ही लाइन लॉस में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story