TRENDING TAGS :
Jalaun News: जालौन: तेज रफ्तार ईको कार से बाइक टक्कर, दंपति व बच्ची गंभीर घायल
Jalaun News: जालौन के जगम्मनपुर में तेज रफ्तार ईको कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दंपति और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: जगम्मनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जगम्मनपुर-रामपुरा रोड स्थित सोनी मैरिज होम के सामने ईको कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार वर्षीय बच्ची को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, नगला गौड़ थाना बढ़पुरा, जनपद इटावा निवासी रज्जन खां (36), पुत्र बाबू खां अपनी रिश्तेदार अमीना पत्नी सलीम खां (35) और चार वर्षीय जूली के साथ पैशन प्रो मोटरसाइकिल (UP 75 N 0980) से माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिहारी जा रहे थे।
सुबह करीब 9 बजे जैसे ही वे जगम्मनपुर-रामपुरा रोड पर सोनी मैरिज होम के पास पहुंचे, तभी झाड़ियों के बीच से अचानक एक ईको कार सड़क पर आ गई। अचानक सामने आई कार से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में रज्जन खां के पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं अमीना के आंख, हाथ और पैर में गंभीर चोटें लगी हैं। चार वर्षीय जूली को भी हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जगम्मनपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उरई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ईको कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।


