TRENDING TAGS :
Jalaun News: जालौन में रोटावेटर की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Jalaun News: जालौन के धमसेनी गांव में खेत की जुताई करते समय 21 वर्षीय अर्जुन रजक ट्रैक्टर-रोटावेटर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
Jalaun News
Jalaun News: एट थाना क्षेत्र के धमसेनी गांव में सोमवार दोपहर खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर-रोटावेटर की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन घायल युवक को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, धमसेनी गांव निवासी अर्जुन रजक (21) सोमवार दोपहर अपने खेत में ट्रैक्टर से मिट्टी समतल कर रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर नींद की झपकी आने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर के नीचे आकर रोटावेटर की चपेट में आ गया। रोटावेटर में फंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के समय आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने घटना देखी और मौके पर पहुंचे। किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद अर्जुन को रोटावेटर से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल उसे निजी वाहन से इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
खेती के साथ डीजे और साउंड सर्विस का करता था काम
परिजनों के मुताबिक, अर्जुन खेती के अलावा डीजे और साउंड सर्विस का काम भी करता था। वह मेहनत और लगन से अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में जुटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में एट थाना प्रभारी शिव शंकर सिंह ने बताया कि उनके पास इस हादसे की कोई जानकारी नहीं आई है।


