TRENDING TAGS :
जालौन में सनसनीखेज वारदात: पेड़ से लटका मिला 24 वर्षीय दिव्यांग युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
Jalaun News: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सींगपुरा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य।
Jalaun Youth Found Hanging Singpura Village News
Jalaun News: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सींगपुरा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के एक 24 वर्षीय दिव्यांग युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक की पहचान प्रवेश कुमार (24) पुत्र श्रीकृष्ण निवासी ग्राम सींगपुरा, थाना जालौन के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार को ग्रामीणों ने गांव में एक पेड़ से युवक का शव लटका देखा। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। युवक ने आत्महत्या की है या मौत के पीछे कोई अन्य वजह है, इस संबंध में भी पुलिस ने अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


