जालौन अधिवक्ता हत्याकांड पर वकीलों का प्रदर्शन, तीन दिन न्यायिक कार्य बहिष्कार का ऐलान

Jalaun News: जालौन में वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या के विरोध में जिलेभर के वकीलों ने प्रदर्शन किया। मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने लगातार तीन दिन न्यायिक कार्य बहिष्कार का ऐलान किया।

Afsar Haq
Published on: 2 Nov 2026 3:24 PM IST
जालौन अधिवक्ता हत्याकांड पर वकीलों का प्रदर्शन, तीन दिन न्यायिक कार्य बहिष्कार का ऐलान
X

Jalaun News

Jalaun News: जालौन में कालपी बार संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या किए जाने के मामले में सोमवार को जिलेभर के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। हत्याकांड के विरोध में उरई स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया और न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर मुख्य साजिशकर्ता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

सोमवार को जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ऋषि कुमार पटेल और महासचिव साधना त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस से हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराने और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना था कि एक वरिष्ठ अधिवक्ता का अपहरण कर हत्या कर दिया जाना बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना है। ऐसे मामले में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार करना चाहिए।प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने ऐलान किया कि गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगातार तीन दिन तक न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। आंदोलन का असर जिले के अन्य न्यायालयों में भी देखने को मिला।

उरई के अलावा कोंच, कालपी, जालौन और माधौगढ़ में भी अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। इसके चलते जिलेभर की अदालतों में कामकाज प्रभावित रहा।वहीं, अधिवक्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रहा और पूरे परिसर में सतर्कता बरती गई।प्रदर्शन के दौरान पूर्व बार संघ अध्यक्ष उदयशंकर द्विवेदी और जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष ऋषि कुमार पटेल ने भी अधिवक्ताओं की मांगों को उठाया। उन्होंने दोहराया कि मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी होने तक अधिवक्ताओं का विरोध और आंदोलन जारी रहेगा।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story