Jalaun News : जालौन कमीशन मांगने का आरोप, ब्लॉक कार्यालय में रोजगार सेवक से मारपीट

Jalaun News : कदौरा ब्लॉक कार्यालय में रोजगार सेवक से मारपीट का आरोप, कंप्यूटर ऑपरेटर पर कमीशन मांगने का दावा

Afsar Haq
Published on: 25 May 2026 8:05 PM IST
Jalaun News : जालौन कमीशन मांगने का आरोप, ब्लॉक कार्यालय में रोजगार सेवक से मारपीट
X

Jalaun News 

Jalaun News : जालौन के कदौरा ब्लॉक परिसर में सोमवार को ग्राम पंचायत कानाखेड़ा के रोजगार सेवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया। रोजगार सेवक ने ब्लॉक के कंप्यूटर ऑपरेटर पर कमीशन मांगने और विरोध करने पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कानाखेड़ा के रोजगार सेवक ब्रजेन्द्र कुमार का आरोप है कि वह युक्त धारा के तहत आईडी को पीओ लॉगिन से फॉरवर्ड कराने के लिए पिछले दो सप्ताह से ब्लॉक कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। उनका कहना है कि बीडीओ संदीप मिश्रा उन्हें ऑपरेटर जागेश कुमार के पास भेजते रहे, जबकि ऑपरेटर उन्हें बीडीओ के पास टालता रहा। ब्रजेन्द्र का आरोप है कि काम कराने के बदले सुविधा शुल्क की मांग की जा रही थी।

सोमवार दोपहर जब ब्रजेन्द्र ने ऑपरेटर जागेश कुमार से आईडी फॉरवर्ड करने को कहा तो वह भड़क गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए तीन प्रतिशत कमीशन मांगा और कहा कि कमीशन मिलने पर ही आईडी फॉरवर्ड की जाएगी। विरोध करने पर ऑपरेटर ने कुर्सी और कंप्यूटर मॉनिटर उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया। इससे उनके सिर, नाक और कान में चोटें आईं तथा खून बहने लगा। घायल अवस्था में वह मौके पर ही गिर पड़े।

घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित ने दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है। वहीं बीडीओ संदीप मिश्रा ने विवाद की पुष्टि करते हुए जांच टीम गठित करने की बात कही, हालांकि कैमरे खराब होने की जानकारी दी। थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मेडिकल कराया गया है तथा निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story