TRENDING TAGS :
Jalaun News: जालौन में डिवाइडर से टकराई बाइक, 40 वर्षीय युवक की मौत; साथी गंभीर
Jalaun News: जालौन के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बाइक डिवाइडर से टकराने से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे ग्वालियर रेफर किया गया।
Jalaun News
Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी जालौन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रावतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुरा निवासी जागेश त्रिपाठी उर्फ टिंकू (40) बुधवार शाम अपने साथी रंछोरदास पाठक (32) के साथ बिना किसी को बताए बाइक से घर से निकल गए थे। गुरुवार सुबह दोनों बाइक से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर कुठौंद से जालौन की ओर आ रहे थे। करीब सात बजे गोहन थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 212.7 के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर गोहन थाना प्रभारी सतीश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी जालौन भेजा। वहां चिकित्सकों ने जागेश त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रंछोरदास पाठक को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।मृतक के पिता गोविंददास त्रिपाठी ने बताया कि जागेश की शादी नहीं हुई थी और वह खेती-किसानी कर परिवार का सहयोग करता था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


