Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी डीसीएम, दो युवकों की मौत, चालक समेत दो घायल

Jalaun News: जालौन के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर अज्ञात ट्रक में पीछे से घुसी डीसीएम में सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज उरई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

Afsar Haq
Published on: 10 July 2026 9:31 AM IST
Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी डीसीएम, दो युवकों की मौत, चालक समेत दो घायल
X

Jalaun News

Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में डीसीएम सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के परिजनों को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 12:45 बजे डीसीएम (संख्या UP 81 GT 6248) खजूर के पेड़ लादकर चरखारी से संभल जा रही थी। जब वाहन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 173.7 पर कैथेरी टोल प्लाजा के सामने पहुंचा, तभी वह आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग केबिन में फंस गए।हादसे में चालक विष्णु यादव पुत्र वीरेंद्र यादव, निवासी जुझारपुर, थाना अकराबाद, जनपद अलीगढ़ तथा बबलू पुत्र लहीक, निवासी ग्राम विलालपथ, थाना असमोली, जनपद संभल घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

वहीं, केबिन में बैठे नीतेश पुत्र अरव सिंह, निवासी जुझारपुर, थाना अकराबाद, जनपद अलीगढ़ तथा मोहिन पुत्र भूरा, निवासी ग्राम विलालपथ, थाना असमोली, जनपद संभल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही थाना पुलिस और यूपीडा (UPIDA) की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीसीएम को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story