TRENDING TAGS :
Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रक पलटा, धू-धूकर जला; चालक-कंडक्टर बचे
Jalaun News: जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गिट्टी लदा ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलटा और आग लग गई। चालक-कंडक्टर ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई।
Jalaun News
Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह गिट्टी से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के कुछ ही देर बाद ट्रक में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ट्रक से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं को देखकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक और कंडक्टर समय रहते ट्रक से बाहर निकल आए, जिससे दोनों की जान बच गई।
बताया गया कि शनिवार सुबह गिट्टी से भरा ट्रक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। जैसे ही वह किलोमीटर संख्या 229.2 के पास पहुंचा, तभी किसी कारण से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर से जोरदार टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे के कुछ ही देर बाद ट्रक में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरा ट्रक आग की लपटों से घिर गया। इससे एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। इसके साथ ही हाईवे रिलीफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर वाहनों को सुरक्षित तरीके से निकाला।
हादसे में ट्रक चालक और कंडक्टर बाल-बाल बच गए। दोनों समय रहते वाहन से बाहर निकल आए थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


