Jalaun News: कैंपा एजेंसी के गोदाम में हजारों की चोरी, CCTV फुटेज में दिखे चार संदिग्ध

Jalaun News: कुठौद के जालौन रोड स्थित कैंपा एजेंसी के गोदाम में देर रात चोरी, ₹27,950 नकद और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां ले गए चोर, CCTV में चार संदिग्ध कैद।

Afsar Haq
Published on: 4 Aug 2026 8:38 AM IST
Jalaun News: कैंपा एजेंसी के गोदाम में हजारों की चोरी, CCTV फुटेज में दिखे चार संदिग्ध
X

Jalaun News

Jalaun News: कैंपा कोल्ड ड्रिंक एजेंसी के गोदाम को अज्ञात चोरों ने देर रात निशाना बनाया। चोर गोदाम का ताला, लॉक और चैन तोड़कर अंदर घुसे तथा नकदी और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां चोरी कर ले गए। पूरी वारदात गोदाम में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित ने मामले की शिकायत कुठौद थाने में देकर कार्रवाई की मांग की है।

कुठौद (जालौन)। कस्बे के जालौन रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के बगल में बने जय मां दुर्गे ट्रेडर्स (कैंपा कोल्ड ड्रिंक एजेंसी) के गोदाम में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर गोदाम का ताला, लॉक और चैन तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखी नकदी के साथ कोल्ड ड्रिंक की कई पेटियां चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

गोदाम के प्रोपराइटर दीपक प्रधान ने बताया कि जब सुबह गोदाम खोला गया तो मुख्य गेट का ताला और चैन टूटी हुई मिली। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखे करीब 27,950 रुपये गायब थे। इसके अलावा चोर गोदाम से कोल्ड ड्रिंक की कई पेटियां भी अपने साथ ले गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में चार संदिग्ध युवक चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। कैमरों में यह भी नजर आया कि सभी आरोपी सफेद रंग की एक कार से मौके पर पहुंचे थे। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित दीपक प्रधान ने कुठौद थाने में तहरीर देकर चोरी की घटना की जानकारी दी है और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story