TRENDING TAGS :
Jalaun News: डीएम की पहल पर वृद्धाश्रम में अनोखा दीपोत्सव, बुजुर्गों ने बच्चों को बांटे उपहार
Jalaun News: जालौन में 'हमारी उम्मीद मिशन' के तहत वृद्धाश्रम में दीपोत्सव मनाया गया। डीएम समीर और एसपी सुरेश चंद्र रावत ने बुजुर्गों व बच्चों संग खुशियां बांटीं।
Jalaun News: दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि अपनों के बीच स्नेह और अपनत्व बांटने का भी संदेश देता है। इसी भावना को साकार करने के लिए जिलाधिकारी समीर की पहल पर गुरुवार को उरई स्थित वृद्धाश्रम में ‘हमारी उम्मीद मिशन’ के तहत अनूठा दीपोत्सव आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बच्चों और बुजुर्गों के साथ दीप जलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में बच्चों की खिलखिलाहट और बुजुर्गों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान ने माहौल को भावुक और आत्मीय बना दिया।
दीपोत्सव के दौरान वृद्धाश्रम परिसर को दीपों से रोशन किया गया। डीएम और एसपी ने बच्चों तथा बुजुर्गों के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित किए। इस दौरान अधिकारियों ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और बच्चों के साथ भी समय बिताया। दीपों की जगमगाहट के बीच सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया, जब वृद्धाश्रम में रह रहे दादा-दादियों ने बच्चों को प्यार से उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। वहीं, बच्चों की मासूम मुस्कान और उनके साथ बिताए पलों ने बुजुर्गों को भी भावुक कर दिया। ऐसा लगा मानो कुछ देर के लिए वृद्धाश्रम में बच्चों की मौजूदगी ने परिवार जैसा माहौल बना दिया हो।
जिलाधिकारी समीर की इस पहल का उद्देश्य त्योहार के अवसर पर बुजुर्गों को अकेलेपन का एहसास न होने देना और बच्चों में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना तथा सेवा का भाव विकसित करना रहा। इस आयोजन ने दो पीढ़ियों को स्नेह के रिश्ते में जोड़ने का काम किया।इस अवसर पर डीएम और एसपी ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।


