TRENDING TAGS :
Jalaun News: आटा मांगने पर बहू ने दी बुजुर्ग को मारने की धमकी, थानाध्यक्ष ने पहले कराया भोजन
Jalaun News: जालौन के एट में बहू से आटा मांगने पर बुजुर्ग महिला को गाली और मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। थानाध्यक्ष ने पहले वृद्धा को भोजन कराया और फिर शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
Jalaun News
Jalaun News: बेटे की मौत के बाद बहू पर प्रताड़ित करने और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए एक वृद्धा गुरुवार को थाना एट पहुंचीं। भूख से परेशान वृद्धा ने बुंदेली में थानाध्यक्ष को अपनी पीड़ा बताते हुए कहा, “लला, मोय भूख लगी थी। बहू से आटा मांगो तो गारी देन लगी और मारन की धमकी दे डारी। अब मोय रोटी तक नईं मिलत।” वृद्धा की बात सुनकर थानाध्यक्ष ने पहले उनकी भूख मिटाने के लिए भोजन कराया और इसके बाद उनकी पूरी फरियाद गंभीरता से सुनी।
थाना क्षेत्र के ग्राम सोमई निवासी वृद्धा गिरजरानी ने बताया कि बेटे की मौत के बाद उनकी बहू मंजू उन्हें लगातार परेशान कर रही है। आरोप है कि बहू उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रही है। वृद्धा का कहना था कि स्थिति यह है कि उन्हें भोजन के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर वह थाने में अपनी फरियाद लेकर पहुंची थीं।वृद्धा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने उनकी बहू को थाने बुलाया और कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज अथवा किसी भी प्रकार की प्रताड़ना की शिकायत दोबारा मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वृद्धा को सुरक्षा का भरोसा देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह की संवेदनशीलता भी देखने को मिली। कानूनी कार्रवाई से पहले उन्होंने भूख से परेशान वृद्धा के लिए भोजन की व्यवस्था कराई। पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।


