TRENDING TAGS :
Jalaun News: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, पानीपुरी कारोबारी की मौत, युवक गंभीर
Jalaun News: जालौन के सिरसाकलार थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक पानीपुरी कारोबारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
Jalaun News
Jalaun News: जालौन में दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक पानीपुरी कारोबारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ग्राम नगरा नगरी निवासी 45 वर्षीय संजीव प्रजापति कानपुर देहात के राजपुर में रहकर पानीपुरी का व्यवसाय करते थे। रविवार को वह किसी निजी कार्य से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे जैसे ही उनकी बाइक पाल-सरैनी तिराहे के पास पहुंची, तभी सरैनी की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने संजीव प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल मंजेश, निवासी बर्रा (कानपुर नगर), की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज, झांसी रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी वरुण प्रताप ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।संजीव की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया। उनकी पत्नी गीता, पुत्र रोहित और अंश सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।


