Jalaun News: जालौन में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप

Jalaun News: जालौन के खनुआ गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Afsar Haq
Published on: 23 Nov 2026 1:40 PM IST
Jalaun News: जालौन में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप
X

Jalaun News

Jalaun News: जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खनुआ में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में कोहराम मच गया। 24 वर्षीय विवाहिता का शव घर के एक कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद जहां ससुरालीजनों में हड़कंप मच गया, वहीं मृतका की छह माह की मासूम बच्ची मां की ममता से हमेशा के लिए महरूम हो गई। उधर, मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खनुआ निवासी हया पत्नी आमिर की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची जालौन कोतवाली पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।मृतका की मां अफसाना ने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बेटी के ससुरालीजन एक लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर हया के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी।

मायके पक्ष का आरोप है कि विवाहिता की मुंह दबाकर हत्या कर दी गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सभी पहलुओं की जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। छह माह की मासूम बच्ची को मां के बिना छोड़ गई हया की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story