TRENDING TAGS :
Jalaun News: जालौन मेडिकल कॉलेज में एबीवीपी का हंगामा, प्राचार्य को हटाने की मांग पर अड़े कार्यकर्ता
Jalaun News: जालौन के उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
Jalaun News
Jalaun News: जालौन के उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के छात्रों को प्रैक्टिकल में पास कराने के नाम पर कथित तौर पर 35-35 हजार रुपये मांगने और शिकायत लेकर पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गेट नंबर-1 पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी को पद से हटाने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंककर विरोध जताया।
दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के चलते मेडिकल कॉलेज परिसर में काफी गहमागहमी रही। स्थिति को देखते हुए कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी तैनात किए गए। सीओ उरई राजेश कमल, सीओ जालौन अजय कुमार सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।एबीवीपी के प्रांतीय मंत्री चित्रांशु ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले बीएससी नर्सिंग के छात्रों की शिकायत लेकर कॉलेज पहुंचे संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ प्राचार्य के इशारे पर मारपीट कराई गई थी। उन्होंने दावा किया कि प्रैक्टिकल में पास कराने के नाम पर छात्रों से 35 हजार रुपये की मांग की गई थी।
इस संबंध में उनके पास वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं। संगठन ने प्राचार्य के निलंबन और छात्रों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। साथ ही गांव-गांव जनचौपाल लगाकर इस मामले को उठाने की चेतावनी भी दी।वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने बताया कि बीएससी नर्सिंग के प्रैक्टिकल और कथित अवैध वसूली के आरोपों को लेकर विवाद सामने आया है। एबीवीपी कार्यकर्ताओं के समर्थन में छात्र और अन्य लोग भी प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। संगठन की ओर से प्राचार्य पर अभद्रता करने और मारपीट कराने के आरोप लगाए गए हैं।उधर, प्राचार्य का कहना है कि परीक्षा परिणाम आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जारी किया गया है। इसमें उनके कार्यालय की कोई भूमिका नहीं है। मामले से जुड़े वीडियो वायरल होने की भी चर्चा है। फिलहाल, विवाद को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।


