TRENDING TAGS :
Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे हादसे के घायलों का हाल जानने मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम-एसपी
Jalaun News: जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे हादसे के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर जालौन क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर के पास रविवार को अलीगढ़ से महोबा अपने घर लौटते समय मजदूरों और उनके परिवारों से भरी डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई थी, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया।
वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने वार्डों में जाकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अधिकारियों ने घायलों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घायलों का उपचार प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा दवा, जांच और अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। गंभीर रूप से घायल मरीजों की विशेष निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।


