TRENDING TAGS :
Jalaun News: अनियंत्रित होकर खाई में पलटा ट्रैक्टर, चालक की दर्दनाक मौत
Jalaun News: जालौन में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उरई-जालौन स्टेट हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में जा पलटा, जिससे चालक उसके नीचे दब गया। जानकारी के अनुसार उरई-जालौन स्टेट हाईवे पर स्थित नर्सिंग रिसोर्ट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 68 वर्षीय सत्यनारायण तिवारी निवासी ग्राम सूरजपुरा, हाल निवासी मोहल्ला फर्दनवीस नगर, जालौन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ट्रैक्टर लेकर किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान नर्सिंग रिसोर्ट के पास अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। चालक के नियंत्रण खोते ही ट्रैक्टर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा और पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर पूरी तरह उलट गया और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए।
ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।


