Jalaun News: पिलर के गड्ढे में गिरकर एक वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Jalaun News: जालौन के नदीगांव थाना क्षेत्र के परासनी गांव में निर्माणाधीन मकान के पिलर के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक वर्षीय सोनाली बरार की मौत हो गई।

Afsar Haq
Published on: 23 Oct 2026 9:02 AM IST
Jalaun News: पिलर के गड्ढे में गिरकर एक वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम
X

Jalaun News

Jalaun News: नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम परासनी में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में एक वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। घर के पास खेल रही बच्ची निर्माणाधीन मकान में पिलर बनाने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिर गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने बच्ची को गड्ढे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नदीगांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम परासनी निवासी रामलखन की एक वर्षीय पुत्री सोनाली बरार गुरुवार देर शाम घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह पास में स्थित एक निर्माणाधीन मकान तक पहुंच गई। मकान में पिलर बनाने के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गड्ढे में जा गिरी। घटना के समय परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद बच्ची के गड्ढे में गिरने की जानकारी मिलने पर परिवार में अफरा-तफरी मच गई।शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही नदीगांव के थानाध्यक्ष पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद मासूम को गहरे गड्ढे से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस अपने सरकारी वाहन से बच्ची को तत्काल सीएचसी, नदीगांव ले गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।एक वर्षीय बेटी की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मासूम की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। इस हादसे ने निर्माणाधीन मकानों के आसपास खुले और असुरक्षित गड्ढों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

वरिष्ठ संवाददाता, जालौनafsarhaq@newstracksite.vocalwire.com

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story