TRENDING TAGS :
चरित्र प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर सिपाही ने लिए 500 रुपये, वीडियो वायरल होने पर निलंबित
Jalaun News: जालौन के नदीगांव थाने में चरित्र प्रमाण पत्र पर पुलिस रिपोर्ट लगाने के नाम पर 500 रुपये लेने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में सिपाही उपेंद्र कुमार कथित तौर पर रिश्वत लेते दिखाई दे रहे हैं।
Jalaun News
Jalaun News: नदीगांव थाने में तैनात एक सिपाही का चरित्र प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने के एवज में 500 रुपये लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। थाने के अंदर रिश्वत लेने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचते ही आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें नदीगांव थाने में तैनात सिपाही उपेंद्र कुमार एक व्यक्ति से 500 रुपये लेते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि अनुज कुमार के नाम से चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया गया था। इसी प्रमाण पत्र पर पुलिस रिपोर्ट लगाने के एवज में सिपाही ने कथित तौर पर 500 रुपये की मांग की थी। आरोप है कि रुपये लेते समय वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया।कुछ समय बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो में थाने के अंदर सिपाही को रुपये लेते हुए देखकर लोगों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। चरित्र प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक प्रक्रिया के लिए भी कथित तौर पर रुपये मांगे जाने को लेकर लोगों में चर्चा शुरू हो गई।वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा। अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की और उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की आवश्यकता को उजागर किया है।


