TRENDING TAGS :
Jalaun: प्रगति स्टील फैक्ट्री में भीषण आग, जान बचाने के लिए क्रेन से कूदे चालक गंभीर रूप से झुलसे
Jalaun News: जालौन के उरई स्थित प्रगति स्टील फैक्ट्री में सोमवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं से घिरे 38 वर्षीय क्रेन चालक राजू तिवारी ने जान बचाने के लिए नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
Jalaun News
Jalaun News: उरई शहर स्थित प्रगति स्टील फैक्ट्री में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों और धुएं के बीच खुद को घिरा देख एक क्रेन चालक ने जान बचाने के लिए नीचे छलांग लगा दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र के उकासा गांव निवासी 38 वर्षीय राजू तिवारी पुत्र शिव महेश तिवारी उरई स्थित प्रगति स्टील फैक्ट्री में क्रेन चालक के पद पर कार्यरत हैं। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। सोमवार को वह रोजाना की तरह फैक्ट्री में अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फैक्ट्री परिसर में आग लग गई।बताया जा रहा है कि आग लगने के दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। देखते ही देखते परिसर में धुआं फैलने लगा और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने के डर से राजू तिवारी ने क्रेन से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया।हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की आंतरिक जांच कराने की बात कही है। प्रबंधन के अनुसार, घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और उनके उपचार में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और हादसे के लिए कौन-से कारण जिम्मेदार थे।


