TRENDING TAGS :
Jalaun News: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, पूर्व प्रधान के बेटे की मौत, युवक घायल
Jalaun News: कदौरा थाना क्षेत्र के उदनपुर-जैसकपुर मार्ग पर दो बाइकों की भीषण टक्कर में पूर्व प्रधान के बेटे की मौत, एक युवक गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी।
Jalaun News: जालौन दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में ग्राम उदनपुर के पूर्व प्रधान के पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम उदनपुर निवासी दीपक (28) पुत्र विजय कुमार, अपने साथी बबलू के साथ किसी काम से जैसकपुर स्थित गैस एजेंसी की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक, जिसे ग्राम बागी निवासी पंकज पुत्र रामनारायण चला रहा था, अनियंत्रित होकर दीपक की बाइक से आमने-सामने टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दीपक के सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उन्हें तत्काल हमीरपुर जिला अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उरई जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय वह नशे की हालत में था। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दीपक अपने पीछे पत्नी रागिनी और तीन बेटियां—नैना (8), राधा (6) व भूरो (4)—को छोड़ गए हैं। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे।थानाध्यक्ष परमेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


