TRENDING TAGS :
Jalaun News: छह बिना टिकट सवारियां पकड़े जाने पर भड़का कंडक्टर, अधिकारी से की मारपीट
Jalaun News: झांसी से उरई आ रही रोडवेज बस में बिना टिकट यात्री पकड़े जाने पर हंगामा। परिचालक ने चेकिंग अधिकारियों से मारपीट की और बॉडी वॉर्न कैमरा छीनकर धान के खेत में फेंक दिया।
Jalaun News
Jalaun News: झांसी से उरई आ रही रोडवेज बस में छह यात्रियों को बिना टिकट पकड़े जाने पर परिचालक ने अधिकारियों से अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। आरोप है कि परिचालक ने जांच अधिकारी की शर्ट पर लगा बॉडी वॉर्न कैमरा झपटकर छीन लिया और धान के खेत में फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, झांसी के सेवा प्रबंधक संतोष कुमार (पुत्र स्व. वचईराम, निवासी ग्राम-पश्चिमपुर, थाना-बड़ागाँव, झांसी) ने तहरीर देते हुए बताया कि वह अपने सहयोगियों के साथ रोडवेज बसों की चेकिंग कर रहे थे। 23 सितंबर को बस संख्या UP78LN3340 झांसी से उरई की ओर आ रही थी। पिरौना चौकी से करीब 500 मीटर की दूरी पर यातायात विभाग की टीम ने बस को चेकिंग के लिए रोका। बस में कुल 28 यात्री सवार मिले, जिनमें छह यात्री बिना टिकट के पाए गए। जांच में सामने आया कि परिचालक द्वारा इन यात्रियों से किराये की रकम पहले ही वसूल की जा चुकी थी।
अधिकारियों ने ईटीएम मशीन में यात्रियों के टिकट दर्ज किए और मार्ग-पत्र पर टिप्पणी अंकित कर परिचालक विकास कुमार को हस्ताक्षर करने के लिए कहा। आरोप है कि परिचालक ने हस्ताक्षर करने से इनकार करते हुए सहायक यातायात निरीक्षक मोहम्मद हामिद की शर्ट पर लगा बॉडी वॉर्न कैमरा झपटकर छीन लिया और मारपीट करने लगा। पीड़ित अधिकारी ने बताया कि जब उन्होंने रोकने का प्रयास किया, तो परिचालक ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान बस चालक चंद्रशेखर ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि परिचालक ने अधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद वह बॉडी वॉर्न कैमरा धान के खेत में दूर फेंककर भाग गया।
सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन खेत में पानी भरा होने के कारण कैमरा बरामद नहीं हो सका। पुलिस ने यातायात अधिकारी की तहरीर पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच करके कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


