TRENDING TAGS :
Jalaun News: पेपर लीक रोकने को अब वायुसेना के विमान से भेजे जाएंगे प्रश्नपत्र : संजय गंगवार
Jalaun News: जालौन में प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री संजय गंगवार ने कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए परीक्षा प्रश्नपत्र अब वायुसेना के विमानों से भेजे जाएंगे।
Jalaun News
Jalaun News: जिले के दौरे पर आए प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री संजय गंगवार ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अब परीक्षा प्रश्नपत्र वायुसेना के विमानों से भेजे जाएंगे।
विकास भवन सभागार में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री संजय गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।पेपर लीक के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि भविष्य में परीक्षा प्रश्नपत्रों को सुरक्षित तरीके से पहुंचाने के लिए वायुसेना के विमानों का उपयोग किया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लीक की संभावना समाप्त हो सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुई पेपर लीक की घटनाओं के बाद सरकार ने पुनः परीक्षा आयोजित कराई और अभ्यर्थियों को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई।
प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परिवार पूरा देश है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का परिवार पूरा प्रदेश है, जबकि समाजवादी पार्टी एक परिवार तक सीमित होकर रह गई है।उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और जनता उस दौर को भुला नहीं सकती। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा बेटियों के सम्मान से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।


