TRENDING TAGS :
Jalaun News: पुलिस चौकी के पास से ट्रॉली चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात, सुरक्षा पर सवाल
Jaluan News: जालौन के हदरुख पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर खड़ी ट्रॉली चोरी, पूरी घटना CCTV में कैद, पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
Jalaun trolley theft Case
Jalaun News: जनपद में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला हदरुख पुलिस चौकी के पास का है, जहां चौकी से कुछ ही दूरी पर खड़ी एक ट्रॉली चोरी हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, हदरुख निवासी प्रवीण सिंह ने अपनी ट्रॉली जालौन रोड स्थित हदरुख पुलिस चौकी के पास खड़ी की थी। आरोप है कि बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे और ट्रॉली चोरी कर ले गए। सुबह जब ट्रॉली मालिक मौके पर पहुंचा तो ट्रॉली गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी।
घटना पुलिस चौकी के बेहद नजदीक होने के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस चौकी के आसपास खड़े वाहन ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। लोगों ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही ट्रॉली बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द ट्रॉली बरामद कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।


