TRENDING TAGS :
Jalaun News: ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Jalaun News: जालौन के एट थाना क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय रविंद्र राठौर की मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
Jalaun News: बुधवार को एट थाना क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पिरौना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने के बाद घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, पिरौना रेलवे स्टेशन और बिरगुवां खुर्द क्रॉसिंग के बीच पिलर नंबर 1207/4 और 1207/3 के मध्य रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पिरौना चौकी प्रभारी बृजेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया।
जांच-पड़ताल के बाद मृतक की पहचान रविंद्र राठौर पुत्र स्वर्गीय रामेश्वर राठौर, निवासी ग्राम पिरौना, थाना एट के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शव की पहचान की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविंद्र राठौर की मानसिक हालत पिछले कई महीनों से ठीक नहीं थी। उसका झांसी में इलाज भी चल रहा था। बुधवार सुबह वह परिजनों को बिना बताए घर से निकल गया था। इसके बाद परिजनों को पुलिस के माध्यम से उसके ट्रेन की चपेट में आने की जानकारी मिली।चौकी प्रभारी बृजेश यादव ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।


