TRENDING TAGS :
Jalaun पहुंचे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, 2027 चुनाव को लेकर भरी हुंकार, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
Jalaun News: डिप्टी सीएम ने सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा यूपी में तीसरी बार सरकार बनाएगी, बुंदेलखंड की सभी 19 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
Jalaun पहुंचे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, 2027 चुनाव को लेकर भरी हुंकार, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना (Photo- Newstrack)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को जालौन पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर उरई स्थित पुलिस लाइन में उतरा। यहां से वह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से होटल जागृति रॉयल के लिए रवाना हुए। डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उरई पहुंचे थे। हालांकि, विवाह समारोह में शामिल होने से पहले उनका राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रम भी निर्धारित था। जानकारी के मुताबिक, वह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) गेस्ट हाउस में भाजपा के पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक करने वाले थे। इस बैठक में आगामी वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होनी थी।
संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा
बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों से फीडबैक लिए जाने की संभावना थी। इसमें जिले के जनप्रतिनिधियों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी रहनी थी। इसके अलावा डिप्टी सीएम की जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी समीक्षा बैठक प्रस्तावित होने की संभावना थी। इसमें विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो सकती थी।
सपा-कांग्रेस मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही हैं : केशव मौर्य
जालौन दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। जनता एक बार फिर इन दलों को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में जनादेश देगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जालौन की तीनों विधानसभा सीटों के साथ ही बुंदेलखंड की सभी 19 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही हैं। क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है और जनता सरकार के कामकाज से संतुष्ट है।
सपा सरकार की गुंडागर्दी जनता भूली नहीं : डिप्टी सीएम
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार को चार बार देख चुकी है। सपा सरकार के दौरान किस तरह गुंडागर्दी होती थी, इसे जनता भूली नहीं है। अब प्रदेश की जनता दोबारा ऐसी सरकार नहीं चाहती। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है।
मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा का चेहरा कमल का फूल है। पार्टी किसी व्यक्ति के नाम पर नहीं, बल्कि कमल के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेगी। टिकट वितरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, कार्यकर्ता और जनता कमल का फूल देखकर उसे जिताने का काम करेंगे। भाजपा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।
पंजाब में भी भाजपा गठबंधन की सरकार बनने का दावा
पंजाब में अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर भी डिप्टी सीएम ने जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी। कांग्रेस को लेकर उन्होंने दावा किया कि जिस तरह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का राजनीतिक प्रभाव खत्म हुआ है, उसी तरह पंजाब में भी उसे हार का सामना करना पड़ेगा।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बुंदेलखंड में भाजपा की संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ बैठकों तथा भाजपा जिलाध्यक्ष की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद उप मुख्यमंत्री वापस लखनऊ के लिए रवाना होंगे। वहीं, 2027 के चुनाव को लेकर उनके बयान ने जालौन सहित पूरे बुंदेलखंड में भाजपा की चुनावी रणनीति और विपक्ष के खिलाफ पार्टी के रुख को स्पष्ट कर दिया है।


