Jalaun News: लखनऊ लाठीचार्ज के विरोध में उरई के अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, CM के नाम सौंपा ज्ञापन

Jalaun News: लखनऊ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में उरई बार एसोसिएशन ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की।

Afsar Haq
Published on: 20 May 2026 12:10 PM IST
Jalaun News
X

Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: लखनऊ में अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़े जाने और पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में डिस्ट्रिक्ट जालौन बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषि कुमार पटेल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। अधिवक्ताओं ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

ज्ञापन में कहा गया कि 17 मई 2026 को लखनऊ में पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़े गए और विरोध करने पर अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया। जिला जालौन बार एसोसिएशन ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे अधिवक्ताओं के सम्मान पर हमला बताया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अधिवक्ताओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया, जिससे पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिवक्ता हितों की रक्षा का संकल्प दोहराया।

दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि लाठीचार्ज कराने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। अधिवक्ताओं ने कहा कि कानून की रक्षा करने वाले अधिवक्ताओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

वैकल्पिक चेंबर व्यवस्था की उठाई मांग

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जिन अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़े गए हैं, उनके लिए तत्काल वैकल्पिक चेंबर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। अधिवक्ताओं ने कहा कि चेंबर टूटने से उनके कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग

बार एसोसिएशन ने प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। अधिवक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाया जाना जरूरी है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बार एसोसिएशन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story