TRENDING TAGS :
Jalaun News: पति से विवाद के बाद विवाहिता ने लगाई फांसी, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया
Jalaun News: जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पति और देवर से हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोंच नगर के मोहल्ला आराजी लाइन दोहर चौराहा, कैलिया रोड निवासी मुस्कान पत्नी इकलाख ने अपने घर में दरवाजे की चौखट से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मुस्कान की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। परिजनों के मुताबिक महिला की अपने पति और देवर से कहासुनी भी हुई थी। जानकारी के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया था कि कुछ लोग थाने तक भी पहुंचे थे। हालांकि रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सभी लोग वापस घर लौट आए। इसके कुछ देर बाद मुस्कान ने फांसी लगाकर जान दे दी।
सुबह फंदे पर लटका मिला शव
सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो मुस्कान का शव फंदे पर लटका देख घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका अपने पीछे नौ माह के बेटे हैदर और ढाई साल की बेटी इनायदा को छोड़ गई है। मासूम बच्चों की हालत देखकर मोहल्ले के लोग भी भावुक हो उठे। परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
2022 में हुई थी मुस्कान की शादी
बताया गया कि मुस्कान की शादी 25 मई 2022 को इकलाख के साथ हुई थी। शादी के बाद से वह अपने परिवार के साथ कोंच में रह रही थी। घटना की सूचना मिलने पर सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाली प्रभारी बृजेश बहादुर, खेड़ा चौकी इंचार्ज शिव नारायण और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है और हर कोई दो मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जता रहा है।


