TRENDING TAGS :
Jalaun News: रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, फूफा पर भतीजे के अपहरण का आरोप; SOG जांच में जुटी
Jalaun News: जालौन में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। फूफा पर अपने साथियों के साथ मिलकर भतीजे के अपहरण का आरोप लगा है। मामले की जांच में एसओजी टीम जुट गई है।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: एक युवक के कथित अपहरण का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक की तलाश में पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीमों को सक्रिय किया गया है।
जालौन आटा थाना क्षेत्र के ग्राम बारा निवासी प्रियंका पत्नी रोहित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम उसका पति रोहित गांव के ही राजा के साथ बाइक से अकबरपुर इटौरा गया था। लौटते समय ग्राम गढ़ा और कुसमरा के बीच स्थित एक बगिया के पास सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी और मोटरसाइकिल से पहुंचे छह-सात लोग रोहित को जबरन अपने साथ ले गए। आरोप है कि अपहरणकर्ता उसकी नई बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी साथ ले गए। रोहित के साथ मौजूद राजा किसी तरह वहां से निकलकर गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने प्रियंका की तहरीर के आधार पर रविंद्र निवासी रामपुरा, गुल्टू तथा अजय निवासी अटकुआं थाना चरखारी जनपद महोबा समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों के अनुसार नामजद अजय रिश्ते में रोहित का फूफा है।
परिजनों का कहना है कि रात में उनके पास फोन आया, जिसमें रोहित पर नौ लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया गया। फोन करने वालों ने रुपये लौटाने पर रोहित को छोड़ने की बात कही और स्वयं को दिल्ली के पीतमपुरा क्षेत्र में होने की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने आटा थाने पहुंचकर जांच की समीक्षा की। पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना की गई है तथा सभी पहलुओं पर जांच जारी है।


