TRENDING TAGS :
Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर डीसीएम पलटी, 13 लोग घायल
Jalaun News: जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक डीसीएम वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 13 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार को कुछ घंटों के अंतराल में दूसरा बड़ा सड़क हादसा हो गया। अलीगढ़ से महोबा जा रही मजदूरों और उनके परिवारों से भरी डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 13 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात प्रभावित हो गया।
प्राप्त जानकारी एक मुताबिक ये घटना बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ग्राम छिरिया सलेमपुर के समीप हुई। जहां रविवार को मजदूरों और उनके परिजनों से भरी एक डीसीएम दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार अलीगढ़ से महोबा जा रही डीसीएम में ईंट भट्टों पर कार्य करने वाले श्रमिक एवं उनके परिवार के सदस्य सवार थे, जो काम समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 208 पर इससे पहले ट्रक और डंपर की टक्कर के कारण एक लेन बंद कर यातायात को दूसरी लेन से संचालित किया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डीसीएम किलोमीटर संख्या 208.5 के पास अनियंत्रित हो गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डीसीएम आगे चल रहे वाहन से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई।
वहीं इस हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग डीसीएम के अंदर फंस गए, जबकि अन्य को चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन भेजा गया। घायलों में राजाराम, ज्ञानवती, मायारानी, देवेंद्र, परदेशी, चालक प्रेमशंकर, पप्पू, मलखान, हेल्पर धर्मवीर, अमर सिंह, रामगोपाल, किरण और सुरेश शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया तथा हादसे की जांच शुरू कर दी है।


